झारखण्ड में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई बेकाबू स्कॉर्पियो, 3 बच्चों समेत एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत; 4 गंभीर

 

​सिमडेगा।झारखण्ड के सिमडेगा जिला में राँची-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर कोलेबिरा प्रखंड के अघरमा के समीप एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों सहित एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।यह दुर्घटना सिमडेगा और गुमला जिले के सीमा पर हुई है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार लोहरदगा के राहत नगर का रहने वाला था। परिवार के सभी 9 सदस्य स्कॉर्पियो में सवार होकर एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए लसिया जा रहे थे। इसी दौरान राँची-सिमडेगा मुख्य पथ पर अघरमा के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सीधे सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

​घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।यहाँ लाए गए घायलों में से डॉक्टरों ने तीन मासूम बच्चों को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए राँची रिम्स रेफर कर दिया गया।दो अन्य घायलों को कोलेबिरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृतकों और गंभीर रूप से घायलों के नामों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

​अपडेट जारी है….

 

error: Content is protected !!