राँची के डोरंडा पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को दबोचा,भेजा जेल..
राँची।राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक हटिया एवं डोरंडा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने डोरंडा थाना क्षेत्र के धोबी मोहल्ला स्थित एक खटाल में छापेमारी कर ड्रग्स कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 28 पुड़िया ब्राउन शुगर, 3,880 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सानु कुमार उर्फ दानडी (न्यू कॉलोनी, जगन्नाथपुर), कासिफ अली उर्फ भोकरे (बेलदार मोहल्ला, डोरंडा) तथा आरिफ उर्फ मोनू (बेलदार मोहल्ला, डोरंडा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ड्रग्स सप्लाई और नशे के कारोबार से जुड़े हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध डोरंडा थाना कांड संख्या 147/26, दिनांक 08 जून 2026 दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें मंगलवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस सफल अभियान में डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक रितेश कुमार पांडेय, पवन कुमार यादव, रितेश कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक शोएब अहमद खान, अमीन मरांडी, सुखदेव रजक सहित डोरंडा थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के कारोबारियों पर पुलिस का शिकंजा
राँची पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में ड्रग्स नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

