रात के सन्नाटे में चली गोलियां, कोल परियोजना के कर्मचारियों में दहशत
हज़ारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड स्थित चन्द्रगुप्त कोल परियोजना के सुश्री इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी में सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने कोल स्टॉक यार्ड के पास ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके को दहला दिया।बताया जा रहा है कि अपराधी रंगदारी की मांग को लेकर पहुंचे थे और दहशत फैलाने के इरादे से गोलियां चलाईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जोरदाग स्थित कोल स्टॉक यार्ड के समीप अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी, जिससे परियोजना क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक गोली वहां खड़े वाहन के गेट में जा धंसी। गनीमत रही कि घटना में कोई कर्मचारी या स्थानीय व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पगार ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।इस घटना ने परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियां सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
इधर घटना की जिम्मेदारी राहुल दुबे गैंग ने ली है।गैंग ने जिम्मेदारी लेते हुए कंपनी प्रबंधन को सीधे शब्दों में अंजाम भुगतने की खुली चेतावनी दी है।सोशल मीडिया पर जारी प्रेस बयान में कहा गया हैं कि सोमवार की रात लगभग 10 बजे हज़ारीबाग के बड़कगांव में चंद्रगुप्त कंपनी में काम कर रहे सुश्री इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी में जो गोलीबारी की घटना हुई है, इसकी ज़िम्मेदारी मैं लेता हूं।आरएस यादव, ये घटना सिर्फ तुम्हारे कान के पर्दे खोलने के किया गया।
जारी किए गए प्रेस बयान में कहा गया है कि अगली बार निशाना गाड़ियां नहीं, बल्कि वहां काम करने वाले कर्मचारी होंगे।धमकी में लिखा है, अगली बार सीधा वार इसके बाद भी तुम सिस्टम में नहीं आये तो अगली बार हाईवा गाड़ी में नहीं, बल्कि उसमें मौजूद ड्राइवर और साइड में तैनात तुम्हारे स्टाफ की खोपड़ी खोल देंगे। हम नहीं चाहते हैं कि मेरी गोली से कोई गरीब ड्राइवर या तुम्हारा स्टाफ, मुंशी अपनी जान गंवाए।लेकिन इसके बाद भी तुम सिस्टम में नहीं आए तो अगली बार ड्राइवर हो या मुंशी, हमको जो भी साइड में दिखेगा, उसकी खोपड़ी खोल दी जायेगी।

