Ranchi:थाने से महज 200 मीटर दूर चोरी, बंद घर का ताला तोड़ लाखों की संपत्ति ले उड़े चोर…रिटायर्ड टेलीफोन एक्सचेंज अधिकारी के घर को बनाया निशाना, CCTV में एक चोर कैद…

राँची।राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में हरमू पटेल चौक के पास सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित हरमू के पॉश इलाके में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और सामान पर हाथ साफ कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, टेलीफोन एक्सचेंज के सेवानिवृत्त अधिकारी विपिन बिहारी श्रीवास्तव पिछले एक महीने से अपनी पत्नी के साथ बच्चों के पास बाहर गए हुए हैं। इस दौरान उनका घर बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने पहले घर की रेकी की और फिर बीती रात ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारियों को तोड़ डाला और उसमें रखे कीमती जेवरात, नगदी, टीवी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत का अभी आकलन नहीं हो सका है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब घर में लगे CCTV कैमरे में संदिग्ध गतिविधि दिखी। इसके बाद श्रीवास्तव ने अपने एक परिचित को घर भेजा, जहां ताला टूटा और घर का सारा सामान बिखरा मिला। CCTV फुटेज में एक चोर नजर आया है।बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर चोरी हुई है, वह थाना से बेहद नजदीक है, इसके बावजूद इलाके में पुलिस गश्ती व्यवस्था बेहद कमजोर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां PCR और गश्ती वाहन महीने में कभी-कभार ही नजर आते हैं।

विपिन बिहारी श्रीवास्तव के राँची पहुंचने के बाद मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटने की बात कह रही है।

error: Content is protected !!