राँची में देर रात पुलिस का सख्त पहरा: एंटी क्राइम और ड्रंक एंड ड्राइव अभियान से अपराधियों में हड़कंप…

 

राँची।शहर में अपराध और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से राँची पुलिस ने देर रात विशेष एंटी क्राइम चेकिंग और ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया। यह अभियान एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया, जिसमें पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद सड़क पर उतरकर निगरानी करते नजर आए।

अभियान की मॉनिटरिंग के लिए सिटी एसपी पारस राणा, रूरल एसपी गौरव गोस्वामी और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह विभिन्न चेकिंग प्वाइंट पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच अभियान का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।देर रात तक चले अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर वाहनों की सघन जांच की गई। ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के तहत ब्रेथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे में वाहन चलाना सड़क पर चल रहे सभी लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।

वहीं, एंटी क्राइम चेकिंग के तहत दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दस्तावेज, डिक्की और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई। कई स्थानों पर पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की। अभियान का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना और शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी, लूट और देर रात होने वाली आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। राँची पुलिस ने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग और लगातार निगरानी के जरिए शहर को अधिक सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने की दिशा में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

error: Content is protected !!