थाने के पास ज्वेलर्स शॉप में सेंध, गैस कटर से उड़ाए गहने! पुलिस ने 4 शातिरों को दबोचा, चौंकाने वाला खुलासा..
राँची। जिले के सिकिदिरी थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकान में हुई सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। गैस कटर से दुकान का ताला काटकर लाखों रुपये के आभूषण उड़ाने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने चोरी गए आभूषणों के साथ वारदात में इस्तेमाल कार, बाइक, गैस कटर मशीन, सिलेंडर और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। हालांकि गिरोह का एक सदस्य अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
सिल्ली डीएसपी मनीष चंद्र लाल ने बताया कि 27 मई को सिकिदिरी बस स्टैंड के समीप हुंडरू फॉल मुख्य मार्ग स्थित सोनी ज्वेलर्स में रात के अंधेरे में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी।अपराधियों ने गैस कटर से ताला काटकर दुकान में प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण समेटकर फरार हो गए। दुकान संचालक शशिकांत की शिकायत पर मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात से पहले अपराधियों ने कई दिनों तक दुकान और आसपास के इलाके की रेकी की थी। 26 मई की रात पांच अपराधी कार और बाइक से घटनास्थल पहुंचे। गिरोह ने पूरी योजना के तहत एक सदस्य को थाना के आसपास निगरानी के लिए तैनात किया, जबकि दूसरे को दुकान के दोनों ओर नजर रखने का जिम्मा दिया गया।इसके बाद दो शातिर गैस कटर मशीन लेकर दुकान तक पहुंचे और ताला काटकर अंदर घुस गए। कुछ ही मिनटों में उन्होंने दुकान में रखे आभूषण समेटे और फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि चोरी के बाद जब उन्होंने गहनों की जांच की तो उन्हें पता चला कि सोने जैसे दिखने वाले कई आभूषण असली सोने के नहीं थे। यह जानकर उन्होंने उन आभूषणों को रास्ते में ही फेंक दिया। वहीं चांदी के सिक्के और अन्य आभूषण आपस में बांट लिए गए। कुछ सामान बेचकर जो रकम मिली, उसे बकरीद की तैयारियों और खर्चों में उड़ा दिया गया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अरमान अंसारी, फरहान अंसारी, एजाज शाह और हसनैन अंसारी को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल उपकरण बरामद किए गए।पुलिस का कहना है कि फरार पांचवें आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि अपराधियों ने थाना क्षेत्र के बेहद संवेदनशील इलाके में वारदात को अंजाम दिया, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने कुछ ही दिनों में पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। अब इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

