सोना चमकाने के नाम पर ठगी का खेल फेल…ग्रामीणों ने दो युवकों को दौड़ाकर पकड़ा, पेड़ से बांधकर की धुनाई…
पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र स्थित लक्खीपुर गांव में रविवार को सोने के आभूषण साफ करने के बहाने महिलाओं से ठगी कर फरार हो रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों को ताड़ के पेड़ से बांध दिया और जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर थाना ले गई।
जानकारी के अनुसार, बिहार के भागलपुर निवासी सुभाष कुमार और बेगूसराय निवासी सुमित कुमार सुपर स्प्लेंडर बाइक (बीआर 10 एएफ 8702) से गांव पहुंचे थे। दोनों युवक गांव में भीम जेल और पाउडर बेचने के बहाने घूम रहे थे। सबसे पहले वे अनारूल शेख के घर पहुंचे, लेकिन घरवालों ने उनकी बातों पर भरोसा नहीं किया और उन्हें वहां से भगा दिया।इसके बाद दोनों महबूब शेख उर्फ आसेम शेख के घर पहुंचे और वहां मौजूद महिलाओं को सोने के आभूषण चमकाने और साफ करने का झांसा देने लगे। महिलाओं के विश्वास में आने के बाद उन्होंने कान की लगभग छह आना वजन की सोने की बाली साफ करने के नाम पर अपने कब्जे में ले ली।
आरोप है कि युवकों ने एक प्लास्टिक पैकेट में पाउडर डालकर बाली रखने का दिखावा किया और चालाकी से असली बाली अपने पास रख ली। इसके बाद उन्होंने महिलाओं को सिर्फ पाउडर वाला पैकेट थमाया और मौके से निकल गए। कुछ देर बाद जब महिलाओं को शक हुआ और उन्होंने पैकेट खोलकर देखा, तो उसमें बाली गायब थी।ठगी का एहसास होते ही महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
इसी बीच दोनों युवक बाइक से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन ग्रामीणों ने उनका पीछा कर उन्हें दबोच लिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए और दोनों को ताड़ के पेड़ से बांध दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने उनकी पिटाई भी कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और पूछताछ के लिए थाना ले गई। मामले की जांच जारी है।
समय रहते महिलाओं के सतर्क होने और ग्रामीणों की सक्रियता के कारण कथित ठग ज्यादा दूर नहीं भाग सके। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों युवक पहले भी इसी तरह की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।

