Ranchi: खड़े वाहन से टेम्पो की जोरदार टक्कर, एक की मौत, आधा दर्जन घायल..

 

राँची।राँची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-33 स्थित नूरुपा के पास रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में टेम्पो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी यात्री टेम्पो से तमाड़ से बुंडू की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक वाहन से टेम्पो की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने पर एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो ने बताया कि मृतक की पहचान बृज मोहन सिंह मुंडा के रूप में हुई है, जो खूंटी जिले के अड़की के रहने वाले थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेम्पो को जब्त कर थाना लाया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आगे की कार्रवाई जारी है।

error: Content is protected !!