लोहरदगा में रफ्तार का कहर: अनियंत्रित ट्रैक्टर ने घर के बाहर बैठी दो महिलाओं को रौंदा, दोनों की मौत

​लोहरदगा। झारखण्ड के लोहरदगा जिले के सेन्हा प्रखंड क्षेत्र के भड़गांव पंचायत अंतर्गत डोका ग्राम में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने घर के बाहर बैठकर बातचीत कर रही दो महिलाओं को बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में दोनों महिलाओं की जान चली गई। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डोका ग्राम में अखड़ा के समीप दो महिलाएँ घर के बाहर बैठकर आपस में बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान एक बिना नंबर का ट्रैक्टर बेहद तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए आ रहा था। चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा और उसने दोनों महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया।

​इस भीषण टक्कर में सुखराम उरांव की 70 वर्षीय मां, एतवारिया उराइन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी महिला लक्ष्मी देवी (50 वर्ष, पति- स्वर्गीय राजबली उरांव) को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ार और अरु के बीच रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।मृतिका एतवारिया का एक बेटा और तीन बेटियाँ हैं। उनकी छोटी बेटी ही अपनी मां की देखभाल और पालन-पोषण कर रही थी।मृतिका लक्ष्मी देवी के दो पुत्र और दो पुत्रियाँ हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है और दोनों बेटे अपनी मां की देखरेख करते थे। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​बताया जा रहा है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाला ट्रैक्टर लोहरदगा जिला अंतर्गत पेशरार थाना क्षेत्र के मक्का निवासी रवि भगत का है। वह पिछले करीब दो वर्षों से डोका ग्राम में जमीन लीज पर लेकर खेती-बारी का काम कर रहा था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

​घटना की सूचना मिलते ही सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ले आया गया है।

थाना प्रभारी ने कहा कि लापरवाही और तेज गति से ट्रैक्टर चलाने के कारण डोका ग्राम में अखाड़ा के समीप यह दर्दनाक हादसा हुआ है। ट्रैक्टर मालिक और चालक के विरुद्ध नियम संगत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।

error: Content is protected !!