गुमला: मेला देखने के बाद घर लौटी 16 वर्षीय किशोरी ने की आ’त्महत्या, आम के पेड़ से लटका मिला शव
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के घटगांव पंचायत अंतर्गत सतपारा गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 16 वर्षीय किशोरी का शव आम के पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ पाया गया। मृतका की पहचान विजय पाल भगत की पुत्री सुशांति कुमारी के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुशांति शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे घर से नवा बगीचा की ओर शौच के लिए निकली थी। इसके करीब एक घंटे बाद, यानी सुबह आठ बजे, ग्रामीणों ने उसे बगीचे में एक आम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर झूलता हुआ देखा। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
परिजनों ने बताया कि सुशांति एक दिन पहले गांव में मेला देखने के लिए घर से निकली थी, लेकिन रात में वापस नहीं लौटी। बाद में परिजनों को पता चला कि वह रात में पड़ोस के ही एक घर में सो गई थी। शुक्रवार की सुबह वह अपने घर वापस आई और थोड़ी देर बाद फिर बाहर चली गई, जिसके बाद उसकी मौत की खबर सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही एएसआई मंटू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक दृष्टि से मामला प्रेम संबंध या पारिवारिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन पूछताछ के बाद ही आत्महत्या के असली कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

