JPSC-JSSC में अनियमितताओं के खिलाफ पुतला दहन में बवाल, छात्रा ने JMM के 8 कार्यकर्ताओं पर लगाया छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप

-पुतला जबरन छीनने का विरोध करने पर धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का दावा; कोतवाली थाने में शिकायत,आठ नामजद सहित  35-40 अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की मांग

राँची। JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आयोजित छात्र आंदोलन के दौरान राजधानी राँची में हुए विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। आंदोलन के दौरान हेमंत सोरेन का पुतला लेकर जा रही एक छात्रा ने JMM के आठ कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोतवाली थाना में लिखित शिकायत देकर पुतला छीनने, धक्का-मुक्की, छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

बोकारो की रहने वाली आंदोलकारियों में शामिल एक छात्रा प्रतिमा ने 24 अगस्त को कोतवाली थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया है कि 21 अगस्त 2026 को JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में राँची में आयोजित छात्र आंदोलन में वह शामिल हुई थी। आवेदन के अनुसार, आंदोलन के दौरान वह हेमंत सोरेन का पुतला लेकर जा रही थी। इसी दौरान JMM के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर उसके हाथ से पुतला जबरन छीन लिया।

पुतला छीनने का विरोध किया तो बढ़ा विवाद
शिकायत के मुताबिक, छात्रा ने जब पुतला छीनने का विरोध किया और उसे वापस लेने का प्रयास किया तो उसके साथ धक्का-मुक्की की गई। छात्रा ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान उसके साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार भी किया गया। विरोध करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और उसे जान से मारने की धमकी दी गई।शिकायत में छात्रा ने विशेष रूप से शाहबाज मलिक पर अत्यंत अभद्र, अपमानजनक और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि इस व्यवहार से वह सार्वजनिक रूप से भयभीत और अपमानित हुई। उसने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करने, डराने तथा आंदोलन में भाग लेने से रोकने का प्रयास किया।

आठ लोगों को नामजद किया
छात्रा ने अपनी शिकायत में आठ लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इनमें नवीन चंचल, उत्तम यादव, शाहबाज मलिक, मुस्ताक आलम, आशुतोष वर्मा उर्फ सोनू वर्मा, अंकिता वर्मा, डॉ. हेमलाल कुमार मेहता और अश्विनी शर्मा के नाम शामिल हैं।

शिकायत में छात्रा ने यह भी दावा किया है कि नामजद आरोपियों के अलावा करीब 35-40 अन्य लोग भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने कथित तौर पर आरोपियों का साथ दिया और घटना में शामिल थे। उसने पुलिस से मांग की है कि उन लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

वीडियो और CCTV फुटेज से जांच की मांग
छात्रा ने पुलिस को बताया है कि घटना सार्वजनिक स्थान पर हुई और इसका वीडियो फुटेज उपलब्ध है। उसने घटना से संबंधित वीडियो, CCTV फुटेज, मीडिया में उपलब्ध वीडियो तथा प्रदर्शनकारियों के मोबाइल से बनाए गए वीडियो को सुरक्षित कर घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करने की मांग की है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

थाने पहुंचा भाजपा नेतृत्व, कार्रवाई की मांग
इधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व विधायक अमर बाउरी, पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश समेत भाजपा के कई नेता कोतवाली थाना पहुंचे। नेताओं ने छात्रा की शिकायत पर पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अब इस पूरे घटनाक्रम ने JPSC-JSSC नियुक्ति और परीक्षा विवाद को लेकर चल रहे आंदोलन को नया राजनीतिक रंग दे दिया है। एक ओर छात्र परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं, वहीं आंदोलन के दौरान छात्रा के साथ कथित बदसलूकी को लेकर मामला थाने तक पहुंच गया है। पुलिस के लिए अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच, वीडियो और CCTV फुटेज की पड़ताल तथा मौके पर मौजूद अन्य लोगों की पहचान अहम होगी।छात्रा ने कहा है कि वह जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करने और घटना से जुड़े वीडियो, फोटो, स्क्रीनशॉट समेत अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।

error: Content is protected !!