शटर तोड़कर ज्वेलरी दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग स्थित गोल्डेन ज्वेलरी दुकान में शटर तोड़कर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर करीब 1.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और वेट मशीन भी पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की रात चोरों ने गोल्डेन ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात और एक वेट मशीन चोरी कर ली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद बागबेड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश और सिटी एसपी ललित मीणा के मार्गदर्शन में डीएसपी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की मदद से संदिग्धों की पहचान करते हुए कार्रवाई शुरू की और आखिरकार दो आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाराबासा निवासी गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट (38) और गाराबासा गुदरी मार्केट निवासी श्रीमंतो गोप उर्फ सुमंतो (55) के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी संख्या में चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें 36 लॉकेट, 134 अंगूठियां, 6 मंगलसूत्र, 11 पान पत्ता, 9 पायल, 15 मोती की मालाएं, 3 चांदी की चेन, 13 राखियां, 2 चांदी के सिक्के, एक बाजूबंद, 4 जोड़ी कान के टॉप्स, 4 चांदी की गदा, कान्हा की चांदी की बांसुरी, लक्ष्मी-गणेश की 6 मूर्तियां, 4 शंखा-पोला और 2 जोड़ी कड़े सहित घुंघरू व अन्य सामान शामिल हैं।इसके अलावा पुलिस ने चोरी की वारदात में इस्तेमाल बोल्ट कटर और लोहे का सब्बल भी बरामद किया है। पुलिस ने दुकान से चोरी की गई वेट मशीन समेत कुल दो वेट मशीन बरामद होने की जानकारी दी है।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस वारदात में इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही बरामद सामान के आधार पर पुलिस चोरी की पूरी कड़ी खंगाल रही है।

