हाट में युवतियों से छेड़खानी के आरोप पर बवाल, दो युवकों को ग्रामीणों ने बनाया बंधक; पंचायत बुलाने की मांग पर अड़े

दुमका। जिले के रामगढ़ प्रखंड मुख्यालय स्थित साप्ताहिक हाट में रविवार की शाम युवतियों से कथित छेड़खानी को लेकर जमकर बवाल हो गया। आरोप है कि हाट में दो युवकों द्वारा एक युवती के साथ छेड़खानी किए जाने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उन्हें धोबा गांव ले जाकर मांझी थान में रस्सी से बांध दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।बंधक बनाए गए दोनों युवकों की पहचान गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सीरिया गांव निवासी विकास राय और रावण मुर्मू के रूप में बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार को रामगढ़ बाजार में साप्ताहिक हाट लगा था। शाम के समय बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार में मौजूद थे। इसी दौरान दोनों युवकों पर एक युवती के साथ कथित तौर पर छेड़खानी करने का आरोप लगा। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिलते ही मामला गरमा गया।
देखते ही देखते ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें रामगढ़ के धोबा गांव स्थित मांझी थान ले जाया गया, जहां दोनों को रस्सी से बांधकर रखा गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों के परिजन को मौके पर बुलाने की मांग शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि परिजन की मौजूदगी में गांव में पंचायत बुलाई जाए और पूरे मामले पर चर्चा कर निर्णय लिया जाए। ग्रामीण फिलहाल दोनों युवकों को पुलिस के हवाले करने से पहले पंचायत कराने की मांग पर अड़े बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में इलाके की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि विवाद आगे न बढ़े।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। छेड़खानी के आरोपों की भी जांच की जाएगी और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इस मामले में यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों युवकों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है या नहीं। वहीं, ग्रामीणों द्वारा युवकों को रस्सी से बांधकर बंधक बनाए जाने की स्थिति को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई अहम मानी जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
घटना के बाद रामगढ़ बाजार और धोबा गांव में लोगों के बीच चर्चा का माहौल है। पुलिस की कोशिश है कि मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाए और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

