जमीन विवाद से परेशान व्यक्ति 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा, आत्महत्या की धमकी से मचा हड़कंप

चतरा। जमीन विवाद के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को मयूरहंड थाना क्षेत्र के करमा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पाचघारा निवासी मनोरंजन सिंह करीब 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए। टावर के ऊपर पहुंचने के बाद उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि उनकी जमीन से जुड़ी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वह टावर से छलांग लगा देंगे।
मनोरंजन सिंह के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। लोगों ने उन्हें नीचे उतरने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
मनोरंजन सिंह का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर वह लंबे समय से परेशान हैं। उनका कहना है कि मामले को लेकर कई बार शिकायत और समाधान की गुहार लगाने के बावजूद उनकी समस्या का उचित निराकरण नहीं हो सका। इसी से क्षुब्ध होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक स्तर पर भी सक्रियता बढ़ गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को नियंत्रित किया, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। काफी देर तक टावर के आसपास लोगों की भीड़ जमा रही।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जमीन से जुड़े विवादों का समय पर समाधान नहीं होने से कई लोग परेशान हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है, ताकि विवाद गंभीर रूप न ले और लोग इस तरह के कदम उठाने को मजबूर न हों।
बताया जा रहा है कि हजारीबाग के बाद चतरा में भी जमीन विवाद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने का यह मामला सामने आया है।

