चतरा में ‘हाफ एनकाउंटर’ से अपराधियों में हड़कंप, राहुल दुबे गैंग के गुर्गे के पैर में लगी गोली

चतरा। कोयलांचल क्षेत्र में सक्रिय राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ चतरा पुलिस ने मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। टंडवा-पिपरवार थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह के सदस्य विकास कुमार के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्रवाई में टंडवा और पिपरवार थाना की संयुक्त पुलिस टीम शामिल थी। निजी कार्य एजेंसी के कार्यालय पर हुई फायरिंग की घटना के बाद से ही राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी था।टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर गिरोह के सदस्यों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ अपराधी टंडवा-पिपरवार सीमा क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान शुरू किया।
बताया गया कि पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान विकास कुमार के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर उसके अन्य साथी भागने में सफल रहे।
सुशी इंफ्रा कार्यालय में हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
राहुल दुबे गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई की बड़ी वजह दो दिन पहले चंद्रगुप्त कोल परियोजना स्थित सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय में हुई फायरिंग भी है। बाइक से पहुंचे चार नकाबपोश अपराधियों ने कार्यालय में घुसकर करीब 20 राउंड गोलियां चलाई थीं। फायरिंग में ड्यूटी पर तैनात एसआईएस प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था।वारदात के बाद अपराधी मौके पर हस्तलिखित पर्चा छोड़कर गए थे, जिसमें घटना की जिम्मेदारी राहुल दुबे गिरोह की ओर से लिए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी थी।
फरार अपराधियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है। पुलिस टीम फरार अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों को खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ में घायल गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ के बाद गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके ठिकानों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।चतरा पुलिस की इस कार्रवाई को कोयलांचल क्षेत्र में आपराधिक गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की अहम सफलता माना जा रहा है।

