लोहरदगा में दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड: सनकी युवक ने पिता और पत्नी को कुल्हाड़ी से काटा, 3 वर्षीय मासूम बेटी की हालत नाजुक

 

लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के सेंगरा टोली गांव में सोमवार सुबह एक सनकी युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही परिवार पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी खेल में युवक के पिता और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी तीन साल की मासूम बेटी जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।

​मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी संदीप उरांव ने अचानक अपने परिवार पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला बोल दिया। हमले के दौरान चीख-पुकार मच गई। आरोपी ने इतनी बेरहमी से वार किया कि उसके पिता सुरेंद्र उरांव और पत्नी सुजाता उरांव ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।सनक में अंधे हो चुके आरोपी ने अपनी 3 वर्षीय मासूम बेटी रेयांशी कुमारी को भी नहीं बख्शा। कुल्हाड़ी के वार से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और खून से लथपथ होकर गिर पड़ी।

​घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स (RIMS) राँची रेफर कर दिया है।​दूसरी ओर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी संदीप उरांव ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया था। पुलिस को उसे दबोचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन आखिरकार पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

​इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग हैरान हैं कि कोई अपने ही परिवार का इस तरह काल कैसे बन सकता है। हत्या की वजहों का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।

​”भंडरा थाना क्षेत्र के सेंगरा टोली में दोहरे हत्याकांड की दुखद घटना हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।” ​—सादिक अनवर रिजवी, एसपी, लोहरदगा

error: Content is protected !!