पलामू : लेवी के लिए हाइवा फूंकने वाला शातिर गिरफ्तार, भेजा गया जेल

 

पलामू। झारखण्ड के पलामू जिले के छतरपुर थाना पुलिस ने चराई क्षेत्र में लेवी (रंगदारी) वसूलने के उद्देश्य से दो हाइवा को आग के हवाले करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिलदेव सिंह उर्फ कपिल सिंह उर्फ विशाल कुमार (25 वर्ष), निवासी बरडीहा के रूप में हुई है।आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर उसके गांव से ही दबोच लिया। इस मामले में शामिल छह अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।

छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को थाना परिसर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का खुलासा किया.उन्होंने बताया कि यह घटना 27 मई 2025 की रात की है। चराई क्षेत्र में माइनिंग (खनन) के काम में लगे दो हाइवा को करीब 10 अज्ञात अपराधियों ने जबरन रोक लिया था. अपराधियों ने चालकों को हथियार का भय दिखाकर उनके साथ जमकर मारपीट की।इसके बाद दहशत फैलाने और लेवी वसूलने की नीयत से दोनों हाइवा में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां मौके पर ही जलकर पूरी तरह खाक हो गई थी।

घटना के बाद पीड़ित रामू कुमार गुप्ता के बयान पर छतरपुर थाने में करीब 10 अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर अनुसंधान शुरू किया।जांच के दौरान कपिलदेव सिंह की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कपिलदेव सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. वह विश्रामपुर और छतरपुर थाना क्षेत्र में दर्ज कई अन्य आपराधिक मामलों में भी नामजद है और काफी दिनों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय अपराधी गुटों को बड़ा झटका लगा है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था।इस सफल छापेमारी अभियान में छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, अनिल कुमार रजक, सहायक अवर निरीक्षक राजीव कुमार, मिथिलेश कुमार यादव सहित सशस्त्र बल के कई जवान मुख्य रूप से शामिल थे।

error: Content is protected !!