गढ़वा: रात में सड़क किनारे खड़ा किया ट्रक, सुबह बचा सिर्फ राख का ढेर
गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले में नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के कोईंदी गांव में शुक्रवार की सुबह सड़क किनारे खड़ी ट्रक में आग लगने से अचानक अफरा-तफरी मच गई, देखते ही देखते ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया।घटना के संबंध में बताया गया कि ट्रक में ब्लीचिंग पाउडर लेकर उत्तर प्रदेश के रेणुकूट से जालेश्वर ले जाया जा रहा था।इसी दौरान ट्रक चालक अलीमन अंसारी की तबीयत खराब हो गई इसके बाद चालक ने रात में ही इसकी जानकारी अपने ट्रक मालिक को दी।घटना की जानकारी मिलने के बाद ट्रक मालिक ने तबीयत ठीक होने पर ट्रक को लेकर जाने को कहाअन्यथा सुबह दूसरा चालक भेजने की बात कही थी।इसके बाद चालक ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर अपने घर चला गया। शुक्रवार सुबह अचानक ट्रक से आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कोई भी ट्रक के नजदीक नहीं जा सका।
ट्रक में लोड ब्लीचिंग पाउडर के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।बाद में अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा ट्रक जलकर खाक हो चुका था।घटना के बाद काफी देर तक इलाके में धुआं फैलता रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

