आसमान छूते टावर पर लटकती दिखी लाश…राँची-गुमला बॉर्डर पर युवक ने प्रेम-प्रसंग में उठाया खौफनाक कदम, इलाके में हड़कंप

राँची/गुमला।राँची और गुमला जिले के सीमावर्ती क्षेत्र बेड़ो थाना इलाके से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक 18 वर्षीय युवक ने प्रेम प्रसंग के विवाद में ऐसा आत्मघाती कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र के रहने वाले बिरसा उरांव (पिता- जट्टू उराँव) ने एक हाई टेंशन बिजली टावर पर चढ़कर फांसी लगा ली।
सुबह टावर पर लटकता दिखा शव, मच गया हड़कंप
घटना का खुलासा आज सुबह तब हुआ जब स्थानीय ग्रामीणों की नजर आसमान छूते हाई टेंशन बिजली टावर पर पड़ी। टावर के ऊपरी हिस्से से एक युवक का शव लटक रहा था। यह खौफनाक मंजर देखते ही पूरे इलाके में जंगल की आग की तरह खबर फैल गई और मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रेम प्रसंग में उपजा था विवाद
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक कदम के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। चर्चा है कि युवक का किसी बात को लेकर प्रेम प्रसंग में गंभीर विवाद हुआ था, जिससे क्षुब्ध होकर उसने देर रात या अहले सुबह इस आत्मघाती घटना को अंजाम दिया। फिलहाल क्षेत्र में इस
घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव को उतारने का प्रयास जारी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंच चुकी है।
हाई टेंशन टावर की अत्यधिक ऊंचाई और बिजली के तारों की संवेदनशीलता के कारण शव को उतारने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समाचार लिखे जाने तक शव को नीचे नहीं उतारा जा सका था। पुलिस बिजली विभाग से संपर्क कर लाइन बंद कराने और शव को सुरक्षित नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है।

