धनबाद:युवक की निर्मम हत्या,पत्थर से कुचला सिर, फिर झाड़ियों में फेंका शव,जांच में जुटी है पुलिस..
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के धनसार थाना क्षेत्र के चांदमारी यज्ञशाला ग्राउंड के पीछे स्थित झाड़ियों में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना धनसार पुलिस को दी। युवक की हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। अपराधियों ने युवक के सिर को पत्थर से कुच-कुच कर उसकी हत्या कर दी।
शव की स्थिति देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को झाड़ियों में फेंका गया है। हालांकि पुलिस के जांच के बाद ही मामले का खुलासा होगा। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस पहुँची हैं।आगे की कार्रवाई जारी है।
घटनास्थल पर एक पल्सर बाइक भी बरामद हुई है जो मृतक की बताई जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह जब कुछ लोग मैदान की ओर गए तब झाड़ियों में शव पड़ा देखा गया। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।

