धनबाद में एक घर में बम विस्फोट, युवक बुरी तरह घायल,जांच में जुटी है पुलिस…
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिला में सदर थाना क्षेत्र के ठाकुर कुल्ही में सोमवार की सुबह एक संदिग्ध विस्फोट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में शिवकुमार उर्फ टिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके में उसके दोनों हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये हैं।स्थानीय लोगों की मदद से उसे पहले शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार टिंकू कुछ दिन पहले ही ठाकुर कुल्ही में नया मकान बनाकर रहने आया था। आसपास के लोगों ने बताया कि सोमवार सुबह लगभग तीन बजे उसके घर की दिशा से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। थोड़ी देर बाद वह खून से लथपथ हालत में पड़ोसियों के घर पहुंचा और सहायता की गुहार लगाई।लोगों ने देखा कि उसके दोनों हाथों से अत्यधिक खून बह रहा था।सूचना मिलते ही धनबाद और सरायढेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि शिवकुमार उर्फ टिंकू के खिलाफ धनसार थाना में गृहभेदन और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह धनसार क्षेत्र में टिंकू के नाम से कुख्यात रहा है और यहां पहचान छिपाकर रह रहा था।पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति देर रात टिंकू के साथ उसके घर में प्रवेश करते दिखाई दिया है। कुछ देर बाद वह व्यक्ति अकेले बाहर निकलता नजर आता है। इसके लगभग पांच मिनट बाद टिंकू गंभीर रूप से घायल अवस्था में घर से निकलकर पड़ोसियों से मदद मांगता दिखाई देता है।फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमाका किस कारण से हुआ और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या है।वहीं मामले को लेकर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कहा कि बमबाजी की घटना घटी है।मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

