Ranchi:खदान में डूबे समीर के शव दूसरे दिन भी नहीं निकाला जा सका, एनडीआरएफ की टीम कल दोबारा करेगी खोजबीन…
राँची।जिले के नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत करकट्टा गांव स्थित बंद खदान में डूबे नामकुम तेतरी टोली निवासी राजकुमार राय का 18 वर्षीय पुत्र समीर कुमार का शव दूसरे दिन भी नहीं मिला। सोमवार की सुबह साढ़े नौ बजे पहुँचीं एनडीआरएफ की टीम ने शाम पांच बजे तक खदान के पानी में खोजबीन की परंतु शव नहीं निकल पाया। बीच-बीच में बारिश होने से भी टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।अब मंगलवार को दोबारा एनडीआरएफ की टीम खोजबीन करेगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार की सुबह मृतक समीर के पिता राजकुमार राय यादव, बड़ा भाई सहित दर्जनों रिश्तेदार एवं काफी संख्या में ग्रामीण खदान के पास पहुंचे थे। सभी टकटकी लगाए थे की कब शव बाहर निकले शव नहीं मिलने से निराश होकर परिजन शाम में वापस लौट गए।मृतक समीर का एक बड़ा भाई एवं एक छोटी बहन है।खदान पहुंचे पिता ने बताया कि समीर अपनी मां एवं भाई-बहन के साथ जोरार तेतरी टोली के पटियादोन में किराए के मकान में रहता था।पिता बिहार के दानापुर में रहकर काम करते हैं। पिता ने बताया कि समीर ने इसी वर्ष दसवीं बोर्ड की परीक्षा द्वीतिय श्रेणी से पास की थी। इंटर में एडमिशन के लिए 4500 रुपए मांगे थे।
रविवार की दोपहर साढ़े बारह बजे घर से निकला एवं अपने दोस्त किट्टू एवं कैलाश कै साथ खदान घूमने आया था।जहां किट्टू व समीर खदान के पानी में नहाने उतरा जबकि कैलाश किनारे बैठा था।नहाने के दौरान समीर गहरे पानी में डूब गया जिसे दोस्त ने बचाने का प्रयास किया परन्तु सफलता नहीं मिली। किट्टू ने ही 100 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी जिसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई।
जानकारी के अनुसार करकट्टा गांव स्थित सड़क निर्माण कार्य करा रही मधुकॉन कंपनी का प्लांट एवं पत्थर खदान था। विभाग द्वारा कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करने के बाद प्लांट एवं खदान बंद हो गया। इससे पहले भी नहाने के दौरान डूबने से दो युवकों की मौत हो चुकी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि खदान की गहराई 150 से 200 फीट हैं।

