चतरा:मकान निर्माण कार्य के दौरान मचान टूटा,एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
चतरा।झारखण्ड के चतरा शहर के राजा तालाब के समीप एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के मोहनाडी गांव के दो मजदूर सुमित जायसवाल नामक व्यक्ति के मकान में निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मचान टूट गया, जिससे दोनों मजदूर नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद एक मजदूर संजू भुइया (35 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं दूसरे मजदूर संजय दास (40 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही दोनों मजदूरों के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल परिसर में काफी देर तक मातमी माहौल बना रहा।
घटना की सूचना पर पुलिस भी सदर अस्पताल पंहुची। पुलिस मामले को लेकर परिजनों से पूछताछ किया। खबर लिखे जाने तक इस मामले में मृतक के परिजनों के द्वारा थाना में किसी तरह का आवेदन नहीं दिया गया है।

