दिन में होटल की नौकरी,रात में पढ़ाई,संघर्ष से चमका कृष्णा का सपना:होटल में काम करने वाले कृष्णा ने इंटर आर्ट्स में प्रथम श्रेणी से पास कर रचा मिसाल, मालिक की मदद बनी सहारा
राँची।जिंदगी की मुश्किल राहों पर चलते हुए अगर हौसला मजबूत हो,तो मंजिल खुद रास्ता बना लेती है।ऐसा ही कर दिखाया है चान्हो प्रखंड के पकड़ियो गांव निवासी कृष्णा लोहारा ने,राँची के बहुबाजार स्थित चौपाल होटल में काम करने वाले कृष्णा ने इंटर आर्ट्स परीक्षा में प्रथम श्रेणी से सफलता हासिल कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। कृष्णा की यह सफलता सिर्फ एक परीक्षा का परिणाम नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और जिद की एक प्रेरणादायक कहानी है।आर्थिक तंगी के कारण उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ काम करना पड़ा।वे पिछले तीन वर्षों से चौपाल होटल में काम कर रहे हैं,जहां दिनभर मेहनत करते और रात में पढ़ाई कर अपने सपनों को जिंदा रखते थे।

कृष्णा ने राँची के संत पॉल कॉलेज से इंटर की पढ़ाई पूरी की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। थकान भरे दिन के बाद भी रात में किताबों से रिश्ता बनाए रखा और आखिरकार प्रथम श्रेणी से सफलता हासिल कर ली। इस सफर में होटल के संचालक मोनू प्रतीक का सहयोग भी कृष्णा के लिए वरदान साबित हुआ।मोनू ने न केवल उसे काम के साथ पढ़ाई का समय दिया, बल्कि किताबों और फीस की भी पूरी व्यवस्था की। कृष्णा को कभी किसी जरूरी चीज की कमी नहीं होने दी। कृष्णा की इस उपलब्धि से उनके माता-पिता और गांव में खुशी की लहर है। गांव के लोग इसे संघर्ष और मेहनत की मिसाल मान रहे हैं। कृष्णा की कहानी यह बताती है कि हालात चाहे जैसे भी हों,अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता।

