गिरिडीह:फूड पॉइजनिंग से मचा हड़कम्प,जहरीला फुचका-छोला खाने से 6 साल के मासूम की मौत, 18 लोग अस्पताल में भर्ती
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के सदर प्रखंड के लेदा-बजटो गांव में फूड पॉइजनिंग ने कहर बरपाया है। शनिवार की देर शाम गांव में घूमकर गुपचुप-छोला बेचने वाले से चाट खाने के बाद एक 6 वर्षीय मासूम की मौत हो गई,जबकि 22 से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं।रविवार की सुबह से एक साथ इतने लोगों की तबीयत बिगड़ने से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार,शनिवार की शाम करीब 5 बजे लेदा-बजटो गांव में एक अज्ञात व्यक्ति ठेले पर गुपचुप और छोला बेच रहा था।गांव के बच्चों समेत कई ग्रामीणों ने उससे चाट खरीदा और खाया।रविवार सुबह होते-होते सभी को तेज बुखार, पेट में असहनीय दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई।देखते-देखते पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई
फूड पॉइजनिंग का सबसे अधिक शिकार बजटो गांव निवासी रिंकू देवी का 6 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार हुआ। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल लाए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।बेटे की मौत से मां रिंकू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद 22 से अधिक बीमार लोगों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से सदर अस्पताल लाया गया।सभी को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। मरीजों में 5 साल से लेकर 45 साल तक के लोग शामिल हैं। सभी को ड्रिप चढ़ाई जा रही है और लगातार निगरानी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही डीसी रामनिवास यादव ने इसे गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर एस एमडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह, बीडीओ गणेश रजक, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो समेत प्रशासन के कई अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और सभी घायलों का हाल जाना।सिविल सर्जन को बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं। इधर मामले की जानकारी मिलने के बाद गांडेय के पूर्व विधायक प्रो. जयप्रकाश वर्मा भी सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
घटना के बाद लेदा-बजटो गांव में दहशत का माहौल है।जिन लोगों ने गुपचुप खाया था, उनकी पहचान कर स्वास्थ्य जांच की जा रही है. आशंका है कि मरीजों की संख्या और बढ़ सकती है।प्रशासन ने बताया कि जिस व्यक्ति ने गुपचुप-छोला बेचा था, उसकी पहचान की जा रही है।पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी सैंपल जांच के लिए बुलाई गई है।
सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह की माने तो प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग की पुष्टि हुई है। सभी मरीजों की स्थिति अब स्थिर है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

