गिरिडीह:रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा, 6 किलोमीटर तक कार को घसीटता ले गया ट्रेलर, मची चीख-पुकार, चालक की मौत,दो घायल…
गिरिडीह।जिले के सरिया थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हुआ। निमाटांड गांव के पास आगे चल रहे एक ट्रेलर में पीछे से तेज रफ्तार वैगनआर कार घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई। इसके बावजूद भी संवेदनहीन ट्रेलर चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और कार को करीब छह किलोमीटर तक घसीटते हुए बिरनी थाना क्षेत्र के मंजिलाडीह गांव के पास ले आया।यहाँ पहुंचने के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इस दिल दहला देने वाली घटना में कार चालक 45 वर्षीय महेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ये सभी सरिया थाना क्षेत्र के केशवारी से अपने घर लौट रहे थे, तभी निमाटांड के पास यह हादसा हुआ।
जेसीबी की मदद से कार को किया गया अलग
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। कार ट्रेलर में इस कदर फंसी हुई थी कि उसे आसानी से अलग नहीं किया जा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेसीबी मशीन मंगाई गई। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार को ट्रेलर से अलग किया जा सका।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, हथौड़े से दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर
हादसे की सूचना मिलते ही बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज और सरिया थाना प्रभारी पिंटू कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार का दरवाजा बंद होने के कारण अंदर फंसे लोगों को निकालने में परेशानी आ रही थी, जिसके बाद हथौड़े की मदद से कार का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने कार चालक महेश यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का इलाज जारी है।
फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी
बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने मृतक और दोनों घायलों की पहचान कर ली है। पुलिस फरार ट्रेलर चालक का पता लगाने और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी व आवश्यक कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


