राँची में पुलिस की धौंस दिखाकर नाबालिग को परेशान करने का आरोप, विरोध पर मां-नानी समेत परिवार की पिटाई; 3 के खिलाफ FIR

 

राँची। राजधानी राँची में पुलिस विभाग से जुड़े एक परिवार के किशोर पर गंभीर आरोप लगे हैं। लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कांटाटोली स्थित हरिजन बस्ती में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित छेड़छाड़,अश्लील टिप्पणियां करने और विरोध करने पर उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी किशोर अपने दोस्तों के साथ मिलकर लड़की को लंबे समय से परेशान कर रहा था। इतना ही नहीं, पुलिस लिखी गाड़ी से उसका पीछा करने और मोरहाबादी ले जाकर गायब कर देने की धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई है।मामले में नाबालिग की नानी मालती देवी की शिकायत पर लोअर बाजार थाना में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

विरोध किया तो बढ़ गई दबंगई, परिवार को भी बनाया निशाना
पीड़ित पक्ष के अनुसार, नाबालिग लड़की कॉलेज और ट्यूशन आने-जाने के दौरान कथित तौर पर अश्लील टिप्पणियों और छेड़छाड़ का सामना कर रही थी। आरोप है कि तीन लड़के आए दिन उसे परेशान करते थे। लड़की ने जब इसका विरोध किया, तो मामला और बिगड़ गया।बताया गया कि शनिवार रात करीब आठ बजे लड़की दुकान से लौट रही थी। इसी दौरान उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर मारपीट किए जाने का आरोप है। इसी बीच काम से लौट रही उसकी नानी मालती देवी भी वहां पहुंच गईं। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई।
घटना के बाद लड़की ने फोन कर अपनी मां और बहन को बुलाया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद मां और बहन के साथ भी मारपीट की गई। इस घटना ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस लिखी गाड़ी से पीछा, मोरहाबादी ले जाकर गायब करने की धमकी!

इस मामले में सबसे गंभीर आरोप आरोपी किशोर के व्यवहार और कथित धमकियों को लेकर लगाया गया है। नाबालिग की मां माला देवी के अनुसार, आरोपी किशोर उनकी बेटी का पीछा करने के लिए पुलिस लिखी गाड़ी का इस्तेमाल करता था। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि किशोर उसे मोरहाबादी ले जाकर गायब कर देने की धमकी देता था।परिजनों का कहना है कि लगातार कथित छेड़छाड़ और धमकियों के कारण लड़की भयभीत रहने लगी थी। इसका असर उसकी पढ़ाई और सामान्य दिनचर्या पर भी पड़ रहा था। परिवार का आरोप है कि पुलिस विभाग से जुड़े होने की धौंस दिखाकर किशोर इलाके में दबंगई करता था।

पीसीआर-6 के चालक का बेटा होने का दावा
जानकारी के अनुसार, आरोपी किशोर का पिता प्रकाश राम पीसीआर-6 का चालक है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पिता के पुलिस विभाग में कार्यरत होने का हवाला देकर किशोर उन्हें डराता-धमकाता था।मामले में पुलिस की भूमिका भी चर्चा में है। लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के अनुसार, पीड़िता की मां और नानी थाने पहुंची थीं। उनकी शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के पिता को डांट-फटकार लगाई गई है और उनसे पूछताछ भी की जा रही है।

तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी, जांच में सामने आएंगे कई सवाल

इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। अब जांच के दौरान यह स्पष्ट करना महत्वपूर्ण होगा कि नाबालिग के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस लिखी गाड़ी से पीछा करने का आरोप कितना सही है और धमकी देने के मामले में क्या तथ्य सामने आते हैं।नाबालिग और उसके परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच के साथ संबंधित पक्षों का बयान लेना भी जरूरी होगा। फिलहाल पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा का इंतजार है।

राजधानी में नाबालिग की सुरक्षा से जुड़ा यह मामला कई सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में आरोपों की सच्चाई सामने आने के बाद आगे क्या कार्रवाई करती है।

error: Content is protected !!