Ranchi:सरिया लदा ट्रेलर के टायर में लगी आग,दमकलकर्मियों ने बुझाया आग….

राँची।जिले के बुंडू में राँची-टाटा मुख्य मार्ग पर बुंडू फ्लाईओवर के पास शनिवार देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया,जब चलती ट्रेलर के टायर में अचानक आग लग गई। घटना शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है,जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेलर (नंबर- राज-01जीसी-1134) चाईवासा से टीएमटी सरिया लादकर नोएडा जा रहा था। इस दौरान ट्रेलर में चालक अजमेर, राजस्थान निवासी अशरफ और सह चालक अयूब सवार थे।

चालक अशरफ ने बताया कि बुंडू पहुंचने से पहले ही उन्हें वाहन के इंजन के अत्यधिक गर्म होने का आभास हुआ। एहतियातन उन्होंने रास्ते में वाहन रोककर इंजन में पानी डाला और फिर आगे के लिए रवाना हुए। लेकिन जैसे ही ट्रेलर बुंडू फ्लाईओवर पर पहुंचा,उन्हें जलने की तेज गंध महसूस हुई।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और नीचे उतरकर जांच शुरू की। इसी दौरान अचानक ट्रेलर का टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग की लपटें उठते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बुंडू दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।गनीमत रही कि इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। चालक और सह चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई।

इस घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि आग पर काबू पाने के बाद स्थिति सामान्य कर दी गई।फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर टायर के फटने और अत्यधिक गर्मी को ही मुख्य वजह माना जा रहा है।

error: Content is protected !!