पुलिस और अपराधियों में मुठभेड़:बोकारो पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रिंस गुप्ता का किया हॉफ एनकाउंटर…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार की देर रात बालीडीह ओपी क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी प्रिंस गुप्ता उर्फ प्रिंस भाटिया पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बालीडीह इलाके में प्रिंस गुप्ता अपने कुछ साथियों के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में छिपा हुआ है।सूचना के आधार पर बोकारो एसपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। जब पुलिस की टीम इलाके में छापेमारी करने पहुंची तो खुद को घिरा हुआ देख प्रिंस गुप्ता ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की।
पुलिस ने पहले उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन जब अपराधियों की ओर से गोलीबारी जारी रही, तो पुलिस को आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग करनी पड़ी।इस दौरान एक गोली प्रिंस गुप्ता के पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लिया और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेज दिया।मुठभेड़ की खबर मिलते ही बोकारो एसपी हरविंदर सिंह, सिटी डीएसपी आलोक रंजन और हेडक्वार्टर डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।सुबह एफएसएल टीम मौके पर पहुँची है।एसपी सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद हैं
जांच में यह बात सामने आई है कि घायल अपराधी प्रिंस गुप्ता बेहद शातिर है और उसका संबंध प्रिंस खान तथा प्रकाश शुक्ला उर्फ अमन गैंग से है।वह इस गैंग का एक सक्रिय सदस्य माना जाता है और पिछले काफी समय से पुलिस की रडार पर था। वह कोयलांचल और बोकारो के व्यापारियों से रंगदारी वसूलने का काम करता था।हाल ही में उसने बीएमडब्ल्यू फैक्ट्री के मैनेजर को जान से मारने की धमकी दी थी और मोटी रकम की मांग की थी। क्षेत्र के कई अन्य बड़े व्यवसायियों को भी धमकी देने की शिकायतों में उसका नाम शामिल है।

