झारखण्ड की महिला का जीआरपी जवान पर दुष्कर्म का आरोप:गया में पहली मुलाकात..पटना के होटल में दुष्कर्म, शिकायत पर थाने में मारपीट…..

पटना।बिहार की राजधानी पटना में गांधी मैदान थाना क्षेत्र के एक निजी होटल में झारखण्ड की रहने वाली महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 3 फरवरी की है। पीड़िता ने जीआरपी जवान आकाश कुमार पर रेप करने का आरोप लगाया है।पीड़िता के मुताबिक, युवक से मैसेंजर के जरिए बातचीत हुई थी। वह पटना जीआरपी में तैनात है। बातचीत के दौरान ही दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती चली गई। इसी बीच आकाश पीड़िता से मिलने के लिए दबाव बनाने लगा। दोनों के बीच पहली मुलाकात गया में हुई। पीड़िता के मुताबिक झारखण्ड से बिहार आने के लिए टिकट बनाने के पैसे भी आकाश ने भेजे थे।

2 फरवरी को झारखण्ड से बिहार के लिए चली थी पीड़िता

पीड़िता ने फोन पर बातचीत में बताया कि आकाश कुमार के दबाव में वो 2 फरवरी को झारखण्ड से चली और 3 फरवरी की सुबह पटना पहुंचीं। दोनों गांधी मैदान थाना अंतर्गत आने वाले न्यू 5 स्टार होटल में एक साथ ठहरे। आकाश ने कमरे के अंदर उससे शादी की। शारीरिक संबंध बनाएं। इस दौरान वीडियो और फोटो भी आकाश ने लिया था। इसके बाद डिलीट भी कर दिया। 4 तारीख की सुबह दोनों ने होटल से चेक आउट किया। फिर पटना जंक्शन चले गए।

यहां आकाश ने ड्यूटी जाने की बात कह कर मुझे वेटिंग रूम में बैठा दिया। कुछ देर बीत जाने के बाद दोबारा से वो आया और मेरा फोन लेकर भाग निकला। साथ ही कहने लगा, तुम्हारे साथ नहीं रहना है। तुम धंधे वाली हो। इसके बाद लड़की शिकायत करने जीआरपी थाने पहुंची। यहां उसने पूरी आपबीती बताई, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई।

पीड़िता के मुताबिक वो इसके बाद गांधी मैदान थाने गई, लेकिन यहां भी कोई सहायता नहीं मिली। लड़की केस करने के लिए जिद करने लगी तो गांधी मैदान थाने के पुलिसकर्मी राहुल, चंदन, अविनाश धमकाने लगें। तीनों ने केस करने पर माँ-बाप को भी जेल में डालने की धमकी दी। इससे भी बात नहीं बनी तो इन तीनों ने अपनी मौजूदगी में महिला पुलिसकर्मियों से पिटाई करवाई।

इसके अलावा पीड़िता का पुलिसकर्मियों ने एक कबूलनामा वीडियो भी शूट किया। इसमें उससे ये कहने के लिए फोर्स किया गया कि उसके साथ कुछ नहीं हुआ है। मोबाइल उसे लौटा दिया गया है। बहरहाल पीड़िता काफी डरी और सहमी हुई है। उसने फोन पर बातचीत में बताया है कि वो इस कदर डरी हुई है कि घर छोड़कर रिश्तेदार के घर पर रह रही है।

वहीं,सिटी एसपी सेंट्रल चंद्र प्रकाश से जब इस सिलसिले में पत्रकारों के द्वारा सवाल पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी जवाब नहीं दिया। चुप्पी साध ली।

वहीं, गांधी मैदान थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष परितोष कुमार ने बताया कि मारपीट का आरोप निराधार है। थाने में वो आई थी। उस समय मैं मौजूद नहीं था, लेकिन महिला के द्वारा लगाए गए आरोप गलत हैं।