राँची डिप्टी मेयर चुनाव में नीरज कुमार ने एक तरफा जीत हासिल की.. नई महापौर रोशनी खलखो, नीरज कुमार चुने गए उप-महापौर..
राँची। राजधानी राँची को करीब तीन साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शहर में नई सरकार मिल गई गुरुवार को आयोजित समारोह में मेयर रोशनी खलखो समेत 53 नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। वहीं दूसरी तरफ वार्ड 31 के नवनियुक्त पार्षद नीरज कुमार राँची नगर निगम के डिप्टी मेयर के रूप में चुने गए। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाई।वार्ड 31 के पार्षद नीरज कुमार ने डिप्टी मेयर का खिताब अपने नाम कर लिया है। उन्होंने कुल 38 वोट हासिल किए और अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया। इस जीत के साथ नीरज कुमार अब राँची नगर निगम के निर्वाचित डिप्टी मेयर बन गए हैं।
चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। वोटिंग के दौरान किसी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और चुनाव के बाद नतीजे घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग नीरज कुमार की जीत का जश्न मनाते नजर आए।
नगर निगम की राजनीति में इस जीत को खास माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि मेयर रोशनी खलखो और नीरज कुमार के डिप्टी मेयर बनने के बाद शहर की नीतियों और विकास योजनाओं में बदलाव देखने को मिल सकता है। आने वाले समय में नगर निगम के कामकाज और विकास कार्यों पर उनकी सोच का असर साफ तौर पर दिखाई दे सकता है।
नीरज कुमार की प्रतिक्रिया:
जीत के बाद नीरज कुमार ने कहा कि यह जीत उनके लिए बहुत मायने रखती है। उन्होंने अपने समर्थकों को धन्यवाद दिया और भरोसा दिलाया कि वह शहर के विकास के लिए पूरी लगन से काम करेंगे।
नई शहर सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीमित संसाधनों के बीच जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है। नगर निगम की आर्थिक स्थिति फिलहाल मजबूत नहीं है।चालू वित्तीय वर्ष में 2610 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत है।अब तक महज 115 करोड़ रुपए की ही आय हो सकी है। ऐसे में विकास कार्य काफी हद तक केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदान पर निर्भर रहेंगे समय पर फंड नहीं मिलने की स्थिति में योजनाओं को जमीन पर उतारना आसान नहीं होगा।

