दो महीने पहले सरकारी नौकरी मिली…घूस लेते एसीबी के हत्थे चढ़ गया..बरहरवा के आपूर्ति पदाधिकारी 40 हजार घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दुमका एसीबी की टीम ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) नंदन कुमार को 40 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई प्रखंड मुख्यालय स्थित उनके कार्यालय में की गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार बरहरवा प्रखंड के डीलरों से प्रत्येक माह 5 हजार रुपये की अवैध वसूली की जा रही थी।इसको लेकर डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष आलमगीर आलम ने दुमका एसीबी से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि एमओ नंदन कुमार सभी डीलरों पर पैसे जमा करने का दबाव बना रहे थे, जिससे डीलरों में काफी नाराजगी थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पूरी योजना बनाकर कार्रवाई की।तय योजना के अनुसार आलमगीर आलम को 40 हजार रुपये देकर एमओ के पास भेजा गया। जैसे ही उन्होंने पैसे सौंपे, पहले से घात लगाए एसीबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नंदन कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। इस दौरान टीम के सदस्य सादे लिबास में मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि नंदन कुमार की नियुक्ति करीब दो महीने पहले ही एमओ पद पर हुई थी।वह मूल रूप से दुमका जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने सीजीएल परीक्षा पास कर यह सरकारी पद हासिल किया था और बरहरवा में उनकी यह पहली पोस्टिंग थी।शुरुआती कार्यकाल में ही इस तरह के आरोप लगने से विभाग में भी चर्चा का माहौल है।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी को अपने कब्जे में लेकर दुमका कार्यालय ले गई। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर एसीबी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय डीलरों और आम लोगों में राहत की भावना देखी जा रही है। लंबे समय से चल रही कथित अवैध वसूली पर यह कार्रवाई एक बड़ा कदम माना जा रहा है।घटना के बाद पूरे बरहरवा क्षेत्र में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है और लोग एसीबी की इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।

