लातेहार के बाद गिरिडीह में अज्ञात बीमारी से तीन दिन में 6 की मौत, लोगो में दहशत

गिरिडीह। जिले के सरिया में शनिवार को अज्ञात बीमारी से तीन और लोगों की मौत हो गई। तीन दिनों के अंदर छह लोगों की मौत हो चुकी है। मौत से पहले सभी ने सीने में दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत की। इसी बीमारी से गांव के पांच अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। इनका इलाज रांची और हजारीबाग में हो रहा है। शनिवार को दम तोड़ने वालों में मुकेश रजक नाम के युवक है। यह डेढ़ माह पहले मुंबई से आए थे। इनके दादा बासुदेव रजक की एक दिन पहले ही मौत हुई थी। जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंच गई और कैंप करके लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। गांव में दहशत का माहौल है। लोग नाक और मुंह बांध कर रह रहे हैं। देवरी के गादीकला में पांच दिनों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

इनकी हुई मौत

मृतकों में बासुदेव रजक (70), मुकेश रजक (20), अवधेश रजक (60), अरविंद सिंह (35), उर्मिला देवी (40) और महतो (70) शामिल हैं। मौत से पहले इन सभी ने सीने में दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत बताई थी।

ये है बीमार

गांव के पांच लोग और बीमार हैं, जिनमें महादेव तुरी, सुरेश रजक, विजय रजक, काली दास और बाबूलाल ठाकुर शामिल हैं। इन सभी काे रांची और हजारीबाग के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप कर के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है।लोग नाक और मुंह पर पट्टी बांधकर घर से निकलते हैं।