रामगढ़ सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया गहरा शोक, मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की..
राँची।झारखण्ड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत से पूरे राज्य में शोक की लहर है। इस दर्दनाक दुर्घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के पास हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत की खबर से उनका मन व्यथित है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा—
“रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के पास सड़क हादसे में कल देर रात 7 लोगों के मरने की दुःखद खबर से मन व्यथित है। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।”
बताया जा रहा है कि यह हादसा रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी-बरलौंग के समीप देर रात हुआ, जिसमें सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है। सरकार की ओर से प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाने की उम्मीद है।

