चतरा:बक्शा डैम में मिले प्रतिबंधित पशु के तीन कटे सिर, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; इटखोरी-चतरा मार्ग जाम, प्रशासन के आश्वासन पर खुला रास्ता
चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र स्थित बक्शा डैम से प्रतिबंधित पशुओं के तीन कटे हुए सिर मिलने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने नगवां चौक के समीप इटखोरी-चतरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों की समझाइश और त्वरित कार्रवाई के वादे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और कई घंटों से बाधित आवागमन दोबारा सुचारू हो सका।
जानकारी के अनुसार, रविवार को बक्शा डैम में प्रतिबंधित पशु के तीन कटे हुए सिर मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया है।सूचना मिलते ही इटखोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों सिरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। डीएसपी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है और मामले की जांच जारी है।

