बोकारो में लगी भीषण आग,दो लोग गंभीर रूप से झुलसे, घर में रखा था मिट्टी तेल से भरा ड्रम,जांच में जुटी है पुलिस..
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के एलएच कॉलोनी स्थित एक घर में भीषण आग लग गई। इस घटना में दो लोग बुरी तरह झुलस गए। दोनों को बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां बर्न यूनिट में शिफ्ट कर दिया गया है। इसमें से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। यह घटना शनिवार रात को बोकारो के बीएसएल के एलएच कॉलोनी की स्ट्रीट 15 के मकान नंबर 6 में हुई।
बताया जा रहा है कि घर में मिट्टी तेल का एक ड्रम रखा हुआ था।वहां पहले आग लगी, फिर तेजी से फैलते हुए पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की।
वहीं, सूचना पाकर एक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि इस हादसे में घर का मालिक भाना झा और महबूब आलम बुरी तरह झुलस गए।दोनों को बोकारो जनरल अस्पताल में इलाज चल रहा है।जहां भाना झा की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास ने कहा कि केरोसिन तेल के ड्रम में आग लगने के कारण पूरे घर में आग लग गई। इस मामले में दो लोग बुरी तरह झुलस गए। थाना प्रभारी ने बताया कि तेल गोदाम अवैध था या कुछ और, पूरे मामले की जांच की जा रही है।जांच के बाद ही पूरा मामला साफ हो पाएगा।

