राँची के एक केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, इलाके में अफरा-तफरी,आग बुझाने कई दमकलगाड़ी मौके पर पहुँचीं..

 

राँची। राजधानी राँची के ओरमांझी थाना क्षेत्र के इरबा इलाके में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई।आग इतनी भयानक थी कि चंद मिनटों में ही पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। जिसके बाद तुरंत ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्होंने फैक्ट्री से धुआं उठता देखा।धुआं उठने के कुछ देर बाद ही जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें उठने लगीं।देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया।घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे।वहीं मौके पर भीड़ भी उमड़ पड़ी। जिसके बाद तुरंत इलाके को खाली कराया गया।लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।

मिली जानकारी के अनुसार,ओरमांझी के कोयलारी इरबा स्थित‌ केमिकल फैक्ट्री में शुक्रवार करीब 11.30 बजे अरिहंट इंटर प्राइजेज नामक केमिकल फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गयी। इससे फैक्ट्री के अंदर रखा लाखों का‌ सामान जलकर खाक हो गया।आग पर काबू पाने के लिए छह दमकल वाहनों को लगाया गया।स्थानीय लोगों की मानें तो इस फैक्ट्री में बिजली में कुछ खराबी थी, जिसे बनवाने के लिए बिजली मिस्त्री को बुलाया गया था।बिजली मिस्त्री ने जैसे ही स्विच से लाइन काटा, आग धधकने लगी और देखते ही देखते आग बेकाबू हो गयी।

दमकलकर्मियों की तत्परता से केमिकल फैक्ट्री के समीप स्थित नौशाद गैरेज, भारत गैस का गोदाम, इरबा बिजली सब स्टेशन और एक लोहा गोदाम को जलने से बचा लिया गया। हालांकि ढाई-तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।जानकारी के अनुसार, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन फैक्ट्री को बहुत नुकसान हुआ है।

ओरमांझी थानेदार अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि आग बुझाने का कार्य लगभग हो ही गया है। दमकल की कई वाहन मौके पर हैं।अब तक ऐसा लग रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है।आगे की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!