अनियंत्रित हाइवा पेड़ तोड़ते हुए घर में जा घुसा, चालक केबिन में फंसा,करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला..

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले में हंसडीहा-देवघर एनएच-133 पर धमना कुंडा मोड़ के पास रविवार तड़के करीब ढाई बजे रात एक अनियंत्रित हाइवा सड़क किनारे पेड़ को तोड़ते हुए एक घर में जा घुसा।हादसे में हाइवा चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना से अवर निरीक्षक जिम्मी हांसदा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चालक को सुरक्षित निकालने के लिए गैस कटर, क्रेन और जेसीबी की व्यवस्था की गई। करीब ढाई घंटे तक राहत और बचाव कार्य चलने के बाद सुबह करीब साढ़े पांच बजे चालक को केबिन से बाहर निकाला जा सका।

घायल चालक की पहचान 22 वर्षीय शाहिल शेख, ग्राम खिदिरपुर, थाना नोलडीह, जिला बीरभूम (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।वहीं सहायक चालक अली उल्ला भी उसी गांव का निवासी बताया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार देवघर से हंसडीहा के रास्ते होकर हाइवा सारठ क्षेत्र से बालू लोड कर पश्चिम बंगाल जा रहा था।इस हादसे में शंकर राय के मकान का बाहरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।घर के कई सीमेंट के बने पिलर को तोड़ डाला।हालांकि घर के अंदर मौजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।बचाव कार्य के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहयोग किया।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

error: Content is protected !!