प्रेमी के इंकार पर 60 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ी युवती, ढाई घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

 

जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर शनिवार को धालभूमगढ़ प्रखंड के नूतनगढ़ पंचायत अंतर्गत घोषदा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपने प्रेमी के घर से लौटने के बाद करीब 60 फीट ऊंचे डीवीसी के हाईटेंशन टावर पर चढ़कर बैठ गई। टावर में 1.32 लाख केवी क्षमता की विद्युत लाइन गुजर रही थी, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका के बीच प्रशासन और ग्रामीणों की सांसें अटक गईं।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा, बीडीओ बबली कुमारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।

जानकारी के अनुसार, घोषदा गांव की पानो मांडी और विश्वनाथ टुडू के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। विश्वनाथ पहले से विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं। बताया जाता है कि पारिवारिक संबंधों के कारण दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गया।शनिवार सुबह पानो मांडी जब विश्वनाथ के घर पहुंची तो परिवार के लोगों ने उसे वहां से भगा दिया। इससे नाराज होकर वह गांव के समीप स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई और ऊपर जाकर बैठ गई। देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

करीब ढाई घंटे तक चले प्रयासों के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मामले की तह तक पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत की। अंततः विश्वनाथ टुडू ने फोन पर पानो मांडी को अपने साथ रखने का भरोसा दिया, जिसके बाद वह टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुई।युवती को सुरक्षित उतारने के दौरान प्रशासन ने टावर के नीचे तिरपाल लगाकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। मौके पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी तैनात रही।

टावर से उतरने के बाद पुलिस दोनों को थाना लेकर गई, जहां दोनों ने एक बंधपत्र पर हस्ताक्षर किए। बंधपत्र में उल्लेख किया गया कि दोनों पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध में हैं, दोनों बालिग हैं और युवती अपनी इच्छा से युवक के साथ रहना चाहती है। युवक ने भी उसे साथ रखने की सहमति जताई।बंधपत्र पर मुखिया पायो हेंब्रम और ग्राम प्रधान सनातन हांसदा ने भी हस्ताक्षर किए। इसके बाद दोनों को उनके घर भेज दिया गया।

ग्राम प्रधान सनातन हांसदा ने बताया कि मामला सामाजिक स्तर पर भी विचाराधीन है। दोनों के संबंधों को लेकर जल्द ही एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें समुदाय के लोग अंतिम निर्णय लेंगे।थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा ने कहा कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

error: Content is protected !!