अज्ञात बोलेरो की टक्कर से महिला की मौत, पति बाल-बाल बचा; चालक वाहन सहित फरार
गिरिडीह। झारखण्ड के गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भरकट्टा ओपी क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसके साथ पैदल चल रहा पति बाल-बाल बच गया। हादसा चिंतनखारी गांव के समीप पलोंजिया ढाबा-चितनखारी-जुठहा आम मुख्य मार्ग पर हुआ।
मृतका की पहचान जमुनियाटांड़ निवासी जीबलाल साव की 28 वर्षीय पत्नी रानी देवी के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मृतका के पति जीबलाल साव ने बताया कि वह अपनी पत्नी का इलाज कराकर बिराजपुर से बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ एक अन्य युवक भी था। चिंतनखारी जंगल के पास बाइक का पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण वे पैदल चलने लगे,जबकि साथ चल रहा युवक बाइक को धक्का देकर आगे ले जा रहा था।
इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने रानी देवी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रानी देवी सड़क पर गिर गईं, जबकि जीबलाल अपनी जान बचाने के लिए सड़क किनारे गड्ढे में कूद गए। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक महिला के सिर पर वाहन चढ़ाते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे में रानी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर ओपी ले गई।आज शनिवार सुबह कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया।पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।बताया जाता है कि मृतका तीन बच्चों की मां थी। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा फरार बोलेरो चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

