गिद्दी में CBI की दबिश: CCL परियोजना के मैनेजर समेत 5 अधिकारियों-कर्मियों के ठिकानों पर छापेमारी
हजारीबाग।झारखण्ड के कोयलांचल क्षेत्र गिद्दी में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की कई टीमें अचानक सीसीएल की गिद्दी-सी कोयला परियोजना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के सरकारी आवासों पर पहुंच गईं। सुबह से जारी इस कार्रवाई में परियोजना के मैनेजर समेत पांच लोगों के ठिकानों की गहन जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, जिन लोगों के आवासों पर छापेमारी चल रही है उनमें गिद्दी-सी परियोजना के मैनेजर रामाशीष राम, अधिकारी जितेंद्र कुमार, सीसीएल कर्मी परशुराम चौधरी, शोभन चक्रवर्ती और एक अन्य कर्मचारी शामिल हैं। सीबीआई की अलग-अलग टीमें सभी स्थानों पर दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान बैंक खातों का विवरण, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, विभागीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खंगाले जा रहे हैं। कार्रवाई को पूरी गोपनीयता के साथ अंजाम दिया जा रहा है। जिन आवासों में जांच चल रही है, वहां बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है और किसी को भी संबंधित व्यक्तियों से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
हालांकि सीबीआई की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन कोयलांचल क्षेत्र में चर्चा है कि यह कार्रवाई कथित आय से अधिक संपत्ति मामले से जुड़ी हो सकती है।
फिलहाल सभी की नजरें सीबीआई की आधिकारिक पुष्टि पर टिकी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

