बकरी का बच्चा लेकर महिला थाना पहुँची,कहा साहब बकरी के बच्चे को मार-पीटकर उसका एक पैर तोड़ दिया..

डेस्क
बिहार: छपरा के पानापुर थाने में गुरुवार की दोपहर एक अजीबोगरीब मामला देखने को मिला। एक महिला रोते हुए बकरी के बच्चे को गोद में लेकर थाने पहुंच गई। पुलिस के सामने बकरी के साथ नाइंसाफी होने की बात कहने लगी। महिला को बकरी के साथ थाने में देखकर पुलिस भी दंग रह गई। पीड़िता ने इंसाफ करने की गुहार लगाई है। बकरी के बच्चे को लेकर थाने पहुंची महिला थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी सैरा बीबी बताई जा रही है। उसकी बकरी घायल है।पीड़िता ने बताया कि सुबह में घर के बगल में मौजूद एक अस्पताल की तरफ बकरी का बच्चा चला गया। इसी को लेकर कुछ लोगों द्वारा मेरे साथ गाली गलौच की गई। इस दौरान बकरी के बच्चे को मार-पीटकर उसका एक पैर तोड़ दिया गया। महिला ने पुलिस से कहा कि लड़ाई उससे थी तो आखिर इस बकरी के बच्चे का क्या कुसूर था। इतनी बेरहमी के साथ उसके साथ मारपीट की गई। महिला द्वारा थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।