रेड लाइट एरिया:जमीन के अंदर तहखाने में छिपाकर रखा था लड़कियों को,पुलिस ने ग्राहक बनकर की छापेमारी,पांच नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया…

सीतामढ़ी।बिहार के सीतामढ़ी में रेड लाइट एरिया में हुई छापेमारी में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।पांच लड़कियों को मुक्त कराया गया है।बताया जाता है को नगर थाना क्षेत्र के रेड लाइट एरिया में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सीनियर अधिकारियों के द्वारा की गई इस छापेमारी में 5 नाबालिग लड़कियों को देह व्यापार के धंधे से मुक्त कराया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 5 नाबालिग लड़कियों से जबरन देह व्यापार का धंधा कराया जाता था।

बताया गया कि एनजीओ संचालकों की सूचना पर नगर थाना क्षेत्र की पुलिस घटनास्थल पर छापेमारी करने पहुंची थी। पांचों नाबालिग लड़कियों को तहखाने में रखा गया था। तकरीबन साढ़े तीन घंटे तक चली छापेमारी के बाद पुलिस ने लड़कियों को यहां से मुक्त कराया और इस धंधे में संलिप्त दलाल और कई ग्राहक को भी गिरफ्तार किया है।

इस सम्बंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिसवाले पहले ग्राहक बनकर क्षेत्र में पहुंची थी। फिर उनकी निशानदेही पर अपने साथियों को बुलाकर छापेमारी शुरू कर दी गई।कहा जाता है कि जिन नाबालिग लड़कियों को यहां से मुक्त कराया गया है उनको जमीन के अंदर तहखाने में छिपाकर रखा गया था।

बताया जाता है कि एक साल पहले इस रेड लाइट एरिया में दिल्ली के एक एनजीओ के शिकायत पर पुलिस ने छापेमारी कर दिल्ली, बंगलादेश और नेपाल की लड़कियों को यहां से मुक्त कराया गया था।

वहीं पुलिस का कहना है कि प्यार के जाल में फंसाकर लड़कियों को लाकर यहां बेचने का काम किया जाता है। फिर उनसे जबरन देह व्यापार का काम कराया जाता है। जो ऐसा करने से इंकार करती हैं उन्हें तरह तरह से प्रताड़ित करने का काम किया जाता है।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दलाल से पूछताछ कर ज्यादा जानकारी जुटा रही है।