चेहरे नहीं छिपाए, फिर भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं पांचों डकैत; केनरा बैंक लूटकांड में पांचों डकैतों पर 10 लाख का इनाम, सूचना देने वाले को मिलेगा 2-2 लाख
जमशेदपुर। गोलमुरी के मस्जिद रोड स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई करोड़ों की डकैती के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। बैंक से लाखों कैश और करोड़ों के ज्वेलरी लूटकर फरार हुए पांचों डकैतों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अब पुलिस मुख्यालय ने पांचों डकैतों की गिरफ्तारी में मदद के लिए प्रत्येक पर 2-2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
24 सितंबर को पांच हथियारबंद अपराधियों ने केनरा बैंक में धावा बोला था। वारदात के दौरान डकैतों ने बैंक में मौजूद लोगों को अपने कब्जे में लिया और कैश लूटकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि डकैतों ने अपने चेहरे छिपाने की कोशिश तक नहीं की। बैंक के अंदर से लेकर बाहर निकलने और अलग-अलग रास्तों से भागने तक कई जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में उनके चेहरे कैद हुए हैं।
डकैती के बाद पांचों अपराधी कंधे पर बैग टांगकर अलग-अलग रास्तों से निकल गए। पुलिस ने बैंक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया है। इसके अलावा अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों और उनसे जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इनाम की घोषणा के बाद पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि बैंक डकैती मामले में पुलिस की जांच जारी है और कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पांचों डकैतों के संबंध में सही और महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2-2 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अब पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी में साफ नजर आ रहे इन चेहरों की पहचान और इनाम की घोषणा से डकैतों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

