राँची रेलवे स्टेशन से बच्चा गायब होने का CCTV फुटेज आया सामने, संदिग्ध युवक बच्चे को ले जाता दिखा;राँची पुलिस की कार्रवाई तेज

राँची।राजधानी राँची के रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया,जब चार साल का मासूम विवान कुमार अचानक भीड़ के बीच से लापता हो गया।माँ ऑटो चालकों से बातचीत कर रही थी और दोनों बच्चे उसके आसपास खड़े थे।इसी दौरान कुछ ही मिनटों के भीतर छोटा बेटा विवान वहां से गायब हो गया।मामले की जांच में सामने आए CCTV फुटेज में स्टेशन परिसर में भीड़ के बीच कई संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को मिले फुटेज में हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने एक युवक बच्चे को लेकर जाते दिख रहे हैं।उसके आसपास चार-पांच अन्य युवक भी दिखाई दे रहे हैं। इसी वजह से पुलिस अब इस मामले में किसी संगठित गिरोह की भूमिका की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।फुटेज सामने आने के बाद पुलिस इन संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संदिग्ध स्टेशन से किस दिशा में गए और उसके बाद बच्चे को कहां ले जाया गया।

इधर,मामले की गंभीरता को देखते हुए राँची SSP राकेश रंजन ने SIT गठित कर दी है। सिटी एसपी के निर्देशन में सिटी डीएसपी केवी रमन के नेतृत्व में तीन इंस्पेक्टर, आधा दर्जन से अधिक दारोगा और टेक्निकल टीम को जांच में लगाया गया है। टीम ने शुक्रवार को स्टेशन और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फूटेज खंगाले हैं। संदिग्धों की पहचान और बच्चे तक पहुंचने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले, कई जगह छापेमारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्टेशन परिसर के अलावा आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को चुटिया पुलिस और स्पेशल टीम ने 100 से अधिक फुटेज की जांच की। संदिग्धों की गतिविधियों की कड़ी जोड़ने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी भी की जा रही है।पुलिस को शक है कि इस घटना में कोई शातिर गिरोह शामिल हो सकता है। हालांकि बच्चे के अपहरण के पीछे वास्तविक वजह क्या है और संदिग्धों का कोई संगठित गिरोह से संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

क्या किसी गिरोह ने बनाई थी पूरी योजना?
बच्चे के भीड़ के बीच से गायब होने और CCTV में कई संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस किसी शातिर गिरोह की संलिप्तता के एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि अभी तक पुलिस ने किसी गिरोह के शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।जांच का एक अहम सवाल यह भी है कि यदि बच्चा किसी व्यक्ति के साथ स्टेशन से बाहर गया, तो वह किस रास्ते से निकला और उसके बाद कहां गया। इसी कड़ी को जोड़ने के लिए पुलिस स्टेशन के साथ-साथ आसपास के रास्तों के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है

घरेलू विवाद के बाद बच्चों को लेकर निकली थी महिला
पुलिस को दिए आवेदन में महिला ने बताया है कि पति के शराब पीकर झगड़ा करने से परेशान होकर वह दोनों बच्चों को लेकर घर से निकल गई थी। इसके बाद वह आंध्र प्रदेश के सेलम गई थी और वहां से छत्तीसगढ़ लौटने के दौरान राँची पहुंची थी।राँची पहुंचने के बाद स्टेशन परिसर से उसका चार वर्षीय बेटा विवान गायब हो गया।लापता विवान कुमार की उम्र करीब चार वर्ष है। उसका रंग सांवला, चेहरा चौड़ा और कद करीब तीन फीट है। बाल छोटे और काले हैं। सिर के बीच में चोट के पुराने निशान के कारण उस हिस्से में बाल कम हैं। घटना के समय उसने आसमानी रंग की चेकदार हाफ शर्ट और सफेद रंग का चेकदार हाफ पैंट पहन रखा था।

दरसअल, छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर के महामाया पारा की रहने वाली दिलमेत राजवाड़े गुरुवार सुबह करीब सवा आठ बजे अपने छह वर्षीय बेटी प्रिंसी कुमारी और चार वर्षीय बेटे विवान कुमार के साथ राँची रेलवे स्टेशन पहुंची थीं।महिला के अनुसार, स्टेशन के एस्केलेटर के पास उसने अपना सामान रखा और दोनों बच्चों को पास में खड़ा कर दिया। इसके बाद वह अंबिकापुर जाने वाली बस के संबंध में ऑटो चालकों से पूछताछ करने लगी।इसी दौरान सुबह करीब 8:15 से 8:30 बजे के बीच विवान अचानक वहां से गायब हो गया। माँ  ने आसपास तलाश की। स्टेशन परिसर में काफी खोजबीन की गई, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद महिला ने चुटिया थाना पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बच्चे को अगवा किए जाने की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई।

मासूम की बरामदगी अब राँची पुलिस के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है। SIT, टेक्निकल टीम और थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें CCTV से मिले सुरागों को जोड़ते हुए संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हैं। पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि भीड़ के बीच से गायब हुआ चार साल का विवान आखिर कहां है और उसे कौन अपने साथ ले गया।

 

error: Content is protected !!