पैदल जा रहे बुजुर्ग को कार ने मारी जोरदार टक्कर, मौके पर मौत; आक्रोशित लोगों ने चालक को दबोचा, पुलिस के हवाले किया

 

राँची। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान हुंडरू बस्ती निवासी लक्ष्मण गोप के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया।हालाँकि बाद में पुलिस में हवाले कर दिया।

बताया जाता है कि लक्ष्मण गोप सड़क से पैदल गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद वृद्ध गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके से कार चालक जार्ज गोप को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर एयरपोर्ट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर हंगामा करते हुए वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है।

इधर, पुलिस ने दुर्घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल कार और उसके कागजात की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कार पर ‘सेना’ लिखा हुआ था। ऐसे में पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हिरासत में लिए गए चालक जार्ज गोप का सेना से कोई संबंध है या नहीं। इस संबंध में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।

 

error: Content is protected !!