डिबडीह ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार पलटी, दो युवक घायल; राहगीरों ने संभाला मोर्चा
राँची।डोरंडा थाना क्षेत्र के डिबडीह ओवरब्रिज पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। कार पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद स्ट्रीट लाइट के खंभे से जा भिड़ी। जोरदार टक्कर के बाद कार पुल के बीचों-बीच पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बारिश के बीच सड़क पर कार पलटने से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। दुर्घटना में कार सवार दो युवक घायल हुए, हालांकि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई। उन्हें राहगीरों की मदद से कार से बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने बिना देर किए मदद के लिए मोर्चा संभाल लिया। कई लोगों ने मिलकर मशक्कत की और सड़क पर पलटी कार को सीधा किया। इसके बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर डोरंडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। हादसे में स्ट्रीट लाइट का खंभा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

