गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद पंडाल में सोए थे युवक, सुबह मौत बनकर दौड़ा करंट;चार की मौत,तीन घायल..
मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गणेश मूर्ति विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों के बीच अचानक करंट फैल गया। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी। शुक्रवार रात गणेश विसर्जन के बाद करीब 7-8 युवक पंडाल में ही सो गए थे। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे अचानक पंडाल में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में वहां सो रहे युवक आ गए।
सुबह हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में तीन युवक घायल हैं। इनमें प्रियांशु को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज नैनपुर अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों की पहचान जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही नैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी में पंडाल में करंट फैलने की बात सामने आई है। आखिर किन परिस्थितियों में पंडाल में करंट दौड़ा और हादसा कैसे हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
गणेश विसर्जन के बाद जहां गांव में उत्सव का माहौल था, वहीं सुबह होते-होते चार परिवारों में मातम पसर गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

