चतरा:दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग,दम घुटने से एक बुजुर्ग की मौत,एक बच्ची घायल,लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट

चतरा।झारखण्ड के चतरा शहर के गुदरी बाजार स्थित अशोक साव के दो मंजिला मकान में भीषण आग लग गई।आग लगने से दम घुटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।वहीं झुलसने से एक बच्ची घायल भी हो गई है। उसकी स्थिति गंभीर है। चतरा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे हजारीबाग मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।

बताया गया कि लोगों और फ़ायर बिग्रेड की टीम ने किसी तरह से आग पर काबू पा लिया है, लेकिन इस बीच घर की सारी संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। करीब बीस लाख रुपये की संपत्ति खाक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आग को नियंत्रण में करने के लिए तीन अग्निशमन वाहन और सैकड़ों मोहल्लेवासियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। घटना बुधवार सुबह तड़के करीब तीन बजे की है।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति की जानकारी ली। आग शार्ट सर्किट से लगने का अनुमान लगाया जा रहा है। घर के बाहर के हिस्से में किराने की दुकान है। दुकान में दस लाख से अधिक का खाद्यान्न था। सारा खाद्यान्न आग में जल गया। दम घुटने से अशोक साव के पिता 92 वर्षीय महादेव साव की मौत हो गई। जबकि एक बारह वर्षीया बच्ची गंभीर है। सदर थाना के सहायक अवर निरीक्षक शशिकांत ठाकुर ने साहसिक कदम से बच्ची को घायलावस्था में बाहर निकाला गया।