दुमका में विदेशी महिला टूरिस्ट से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों को कोर्ट में किया पेश,164 के तहत पीड़िता का बयान दर्ज…

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले में स्पेन की महिला टूरिस्ट से सामुहिक दुष्कर्म के 3 आरोपियों को रविवार (3 मार्च 2024) को कोर्ट में पेश किया गया।साथ ही महिला और उसके पति को भी प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया। यहां 164 के तहत सामूहिक दुष्कर्म की पीड़ित महिला और उसके पति का बयान दर्ज किया गया है।

बता दें दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार (1 मार्च) की रात को 7 अपराधकर्मियों ने स्पेन की महिला टूरिस्ट से गैंगरेप किया था। इस घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और 4 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। 3 अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

शनिवार (2 मार्च) को विदेशी महिला से सामूहिक दुष्कर्म की खबर जैसे ही मीडिया में आई, झारखण्ड विधानसभा के बजट सत्र में माहौल गरमा गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आजसू ने सरकार से इस पर जवाब मांगा।मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने घटना की रिपोर्ट मांगी। कहा कि जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

17000 किलोमीटर की दूरी तय करके दंपती पहुंचा था झारखण्ड

ज्ञात हो कि स्पेन की एक महिला और उसका पति अलग-अलग बाइक से वर्ल्ड टूर पर निकला। दोनों अलग-अलग देशों से होते हुए भारत पहुंचे। करीब 17,000 किलोमीटर की दूरी खुशी-खुशी तय करने के बाद यह दंपती भारत के खूबसूरत प्रदेशों में एक झारखण्ड पहुंचा। निश्चित तौर पर यहां के प्राकृतिक सौंदर्य ने उसे मोह लिया होगा।लेकिन, यहां उसके साथ जो हुआ, उसे वह जिंदगी भर नहीं भूल पाएगी।

हमारे देश में अतिथि देवो भव: की परंपरा है।लेकिन, दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुंजी गांव के पास इस विदेशी महिला के साथ जो हुआ, उसे वह ताउम्र नहीं भूल पाएगी।कुंजी गांव के पास एक सुनसान जगह पर महिला से 7 मनचलों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।उसके साथ मारपीट की।

सीआईडी और फॉरेंसिक विभाग की टीम ने किया घटनास्थल का दौरा

मीडिया में खबर आई, तो मुद्दा विधानसभा में गूंजा।मुख्यमंत्री ने रिपोर्ट मांगी। कहा कि जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।वहीं, पुलिस महानिदेशक ने कहा है कि 7 आरोपी थे। 4 को गिरफ्तार कर लिया गया है।बाकी 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही है।सीआईडी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया है। दुमका के डीआईजी और एसपी मामले को देख रहे हैं।